शालिनी पैलेस
शालिनी पैलेस मनमोहक रंकाला तालाब के पश्चिमी तट पर स्थित है। इसका निर्माण वर्ष 1932 से 1944 के बीच किया गया था। इसका नाम कोल्हापुर की राजकुमारी श्रीमंत शालीनीराजे के नाम पर रखा गया है। ऊँचे पाम वृक्ष, हरियाली और सुंदर उद्यान इस महल को चारों ओर से घेरते हैं। यह महल बारीक नक्काशी वाले काले पत्थरों और इतालवी संगमरमर से निर्मित है। कोल्हापुर के महाराजा के राजचिह्नों से सुसज्जित बेल्जियम काँच लगे सुंदर लकड़ी के दरवाजे इसकी शाही भव्यता को और बढ़ाते हैं। बरामदे और पोर्च की विशाल काले पत्थरों की मेहराबें अत्यंत आकर्षक और मनोहारी हैं। वर्ष 1987 में इसे एक होटल में परिवर्तित कर दिया गया था। यह महाराष्ट्र का एकमात्र हेरिटेज होटल माना जाता है। फिलहाल यह पैलेस बंद अवस्था में है।